भास्कर न्यूज | गिरिडीह झारखंड राज्य को-ऑपरेटिव बैंक की चेयरमैन विभा सिंह ने गुरुवार को गिरिडीह के अल्कापुरी आवास में बैंक की निदेशक सुनैना पाठक और सदस्य सुबल राय के साथ बैठक की। बैठक में चेयरमैन ने बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य के पैक्सों के माध्यम से किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर 200 करोड़ रुपये का ऋण देने का लक्ष्य तय किया गया है। जिले की 14 को-ऑपरेटिव बैंक शाखाओं के जरिए 14 करोड़ रुपये का केसीसी ऋण बांटने का लक्ष्य है। जो किसान एक साल के भीतर ऋण चुका देंगे, उन्हें ब्याज नहीं देना होगा। एक साल बाद ऋण लौटाने पर 9 प्रतिशत ब्याज देना होगा। एनपीए ऋणधारकों से सख्ती से वसूली के निर्देश सभी जिलों के बैंक प्रबंधकों को दिए गए हैं। जो लोग जानबूझकर ऋण नहीं लौटा रहे हैं, उनके खिलाफ सर्टिफिकेट केस किया जाएगा। पैक्सों को बहुधंधी बनाने के लिए बैंक जल्द ही 10-10 लाख रुपये की केस क्रेडिट सुविधा देगा। बैंक ने वर्ष 2024-25 में 70 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। यह बैंक के 75 साल के इतिहास में लगातार दूसरे साल मुनाफा कमाने की मिसाल है। इसमें बैंक कर्मियों का अहम योगदान रहा है। चेयरमैन ने कहा कि बैंक राज्यहित में काम कर रहा है। निदेशक सुनैना पाठक ने बताया कि किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण देने के साथ-साथ पैक्सों के माध्यम से 90 प्रतिशत अनुदान पर खाद-बीज भी दिया जाएगा। बैंक राज्य के किसानों के लिए बेहतर कार्य कर रहा है।


