झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल अपनी ड्यूटी कर रहा था, तभी मरीज के साथ आए कुछ परिजनों ने उसे घेर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग एक साथ कॉन्स्टेबल पर हमला कर रहे हैं और उसके साथ मारपीट की जा रही है। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। मारपीट की यह पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। एसपी अमित कुमार बुडानिया ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।


