झालावाड़ शहर के धनवाड़ा इलाके में मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार शव काफी समय से पानी में पड़ा होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। शव की अत्यधिक खराब हालत के कारण मृतक की उम्र और अन्य पहचान संबंधी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पा रही है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी है और गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पानी से बाहर निकालने में सिविल डिफेंस प्रभारी जगदीश नागर और सिविल डिफेंस के अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। अज्ञात शव को फिलहाल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही कोतवाली पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


