हनुमानगढ़ में सदर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक हिस्ट्रीशीटर को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वार्ड नंबर 10, जण्डावाली निवासी शाकर हुसैन खां (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 3 ग्राम 64 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। सदर थाना के एसआई हरबंशलाल अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने हिस्ट्रीशीटर शाकर हुसैन खां को संदिग्ध अवस्था में देखा और रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 3.64 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी शाकर हुसैन खां के खिलाफ थाना सदर हनुमानगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच थाना प्रभारी राकेश सांखला द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में कॉन्स्टेबल महेंद्र कुमार, महमूद अली, सरजीत सिंह और महावीर शामिल थे। कॉन्स्टेबल महेंद्र कुमार और महमूद अली की इसमें विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से नशा तस्करी के स्रोत और उसके नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।


