भास्कर न्यूज | अमृतसर मेहता पुलिस ने टारगेट किलिंग करने के इरादे से घूम रहे कार सवार 2 युवकों में से एक को काबू कर लिया है। जबकि दूसरा साथी खेतों के रास्ते फरार होने में सफल हो गया। पुलिस नाकेबंदी के दौरान जब वाहनों की चैकिंग कर रही थी तो एक कार को रुकने का इशारा किया। युवक कार से निकले और खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस ने तुरंत उनके पीछे भागना शुरू कर दिया। 100 मीटर की दौड़ के बाद पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया। इसके पास से एक ग्लॉक पिस्तौल, मोबाइल और दिल्ली नंबर कार बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान ब्यास के गांव सठियाला के रहने वाले हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। फरार होने वाले का नाम तेगविंदर सिंह उर्फ निवासी गांव सठियाला है। पुलिस ने बताया कि शनिवार की रात अड्डा बुट्टर कलां में नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, जिस दौरान कार सवार 2 युवकों को रुकने का इशारा किया था। पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपी पंजाब में किसी टारगेट किलिंग के ईरादे से घूम रहे थे। वह कोई बड़ी वारदात करने वाले थे। आरोपियों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगी हुई हैं। कार के दस्तावेज भी चेक किए जा रह हैं। आरोपी से पूछताछ में आगे खुलासा होगा।


