टीकमगढ़ जिले की नगर परिषद कारी में नलों से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। मंगलवार शाम 5 बजे जब पानी की आपूर्ति शुरू हुई, तो लोगों ने बाल्टियों में पानी भरा। इस दौरान नलों से बदबूदार और गंदा पानी आता दिखा। वार्ड नंबर 8 के निवासियों का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। वार्ड नंबर 8 के निवासी राजकुमार पांडे और उमेश तिवारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से नलों में गंदा पानी आ रहा है, जो पीने योग्य नहीं है। उन्होंने वार्ड पार्षद और नगर परिषद सीएमओ से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई। निवासियों के अनुसार, नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर आए और निरीक्षण किया। उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन देकर सीएम हेल्पलाइन की शिकायत वापस लेने का दबाव डाला, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि अधिकारी और कर्मचारी अक्सर दफ्तर में बैठकर ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें बंद करवा देते हैं। इस संबंध में नगर परिषद कारी के सीएमओ देवेंद्र आर्या ने बताया कि गंदे पानी की शिकायत मिली थी। उन्होंने बताया कि पानी की टंकी की सफाई कराकर उसमें ब्लीचिंग पाउडर डाला गया है। इंजीनियरों और कर्मचारियों को पानी की लाइन का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सीएमओ आर्या ने लोगों से अपील की है कि यदि नलों में गंदा पानी आ रहा है, तो उसका उपयोग पीने के लिए न करें।


