टीकमगढ़ में आशा कार्यकर्ताओं का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन:जुलाई 2025 से मानदेय नहीं मिलने का आरोप, कलेक्टर ने दिया आश्वासन

टीकमगढ़ में गुरुवार को बल्देवगढ़ ब्लॉक की आशा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जुलाई 2025 से मानदेय और प्रोत्साहन राशि का भुगतान न होने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल चौराहा से कलेक्ट्रेट तक रैली भी निकाली। प्रदर्शन के दौरान पहले सीएमएचओ डॉ. ओपी अनुरागी आशा कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने उनसे ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया और कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं। महिलाओं की मांग पर कलेक्टर विवेक श्रोतिय मौके पर पहुंचे। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि बल्देवगढ़ विकासखंड में उन्हें जुलाई 2025 से मानदेय और प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है। संघ की जिलाध्यक्ष आशा राय ने कहा कि इस अवधि में केवल दो बार अल्प राशि टुकड़ों में प्रदान की गई है, जिससे उन पर आर्थिक संकट आ गया है। आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध में 6 जनवरी को खंड चिकित्सा अधिकारी, बल्देवगढ़ को ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन उस पर कोई विचार नहीं किया गया। उनका आरोप है कि विभागीय अधिकारी उन्हें हटाने की धमकियां दे रहे हैं, जबकि वे अपने कार्य पूरी निष्ठा से कर रही हैं। कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि वे हर माह अपने कार्यों का वाउचर भरकर देती हैं, लेकिन उन्हें वाउचर के अनुरूप बहुत कम राशि मिलती है। पूरा भुगतान मांगने पर वरिष्ठ अधिकारी उन्हें सेवा से पृथक करने की धमकी देते हैं। आशा कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में जुलाई 2025 से लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि का एकमुश्त भुगतान, आशा वाउचर में हर माह कटौती बंद करना, प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख तक भुगतान सुनिश्चित करना, दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और अमानवीय व्यवहार करने वाली स्टाफ नर्सों के खिलाफ कार्रवाई शामिल है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बिना जांच और कारण के प्रसूता को रेफर न करने और संस्था में आशाओं के रात्रि में ठहरने की उत्तम व्यवस्था करने की मांग की। आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे सामूहिक रूप से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर देंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *