भास्कर न्यूज| लुधियाना पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) में टीचर्स डे बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। डॉ. मनमोहन सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित इस विशेष समारोह में यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. सतबीर सिंह गोसल, डीन, निदेशक, अधिकारी, टीचरों और बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया। यूनिवर्सिटी के मुख्य परिसर के साथ-साथ बाहरी केंद्रों से भी फैकल्टी ऑनलाइन इस कार्यक्रम से जुड़ी। छात्रों ने अपने टीचरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान को सराहा। समारोह के दौरान डॉ. गोसल ने पूर्व राष्ट्रपति और महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी जयंती पर हर साल टीचर्स डे मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि टीचर ज्ञान और मूल्यों के वास्तविक मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि पीएयू की उपलब्धियों के पीछे टीचरों की समर्पित मेहनत, उच्चस्तरीय शोध और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की अहम भूमिका रही है। कुलपति डॉ. गोसल ने गर्व के साथ बताया कि इंडियन इंस्टिट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ-2025) में पीएयू 67 राज्य कृषि यूनिवर्सिटी में पहला स्थान पर रहा है। वहीं, नेशनल इंस्टिट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ-2025) में भी पीएयू ने लगातार तीसरी बार शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धि शिक्षकों के शोध, नवाचार, गुणवत्ता, प्लेसमेंट और उद्योग से मजबूत जुड़ाव का परिणाम है। इसके साथ ही पीएयू ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यूनिवर्सिटी ने एग्रीकल्चरल साइंसेज के क्षेत्र में एड्यूरैंक-2025 की वैश्विक सूची में 93वां स्थान प्राप्त किया है। इस श्रेणी में दुनिया के 14,000 संस्थानों का मूल्यांकन किया गया, जिसमें पीएयू एकमात्र भारतीय राज्य एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी है जो शीर्ष 100 में शामिल हुआ है। समारोह का संचालन डॉ. विशाल बेक्टर ने किया। इस अवसर पर डॉ. टी.एस. रियार द्वारा तैयार वर्चुअल विजुअल टूर ऑफ पीएयू ने टीचरों को यूनिवर्सिटी की ऐतिहासिक धरोहर और शैक्षणिक उत्कृष्टता की अद्भुत झलक दिखाई। कार्यक्रम का समापन पंजाब और विशेषकर किसानों की समृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना के साथ हुआ।


