गढ़वा|गढ़वा में एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए ‘टीम दौलत’ ने यह साबित कर दिया कि सेवा का कोई मौसम नहीं होता। बुधवार को तेज बारिश के बीच टीम दौलत के सदस्य धीरज गुप्ता ने सदर अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचकर एक गर्भवती महिला को रक्तदान किया और उसकी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी दीपक कुमार की पत्नी सोनी कुमारी (उम्र 19 वर्ष) प्रसव पीड़ा से पीड़ित थी और उसे तत्काल खून चढ़ाने की जरूरत थी। डॉक्टरों ने कहा कि मरीज की स्थिति गंभीर है और बिना रक्त के प्रसव में खतरा हो सकता है। ऐसे में परिजन खून की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकने लगे, लेकिन रक्त की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। तभी किसी ने इस संकट की जानकारी ‘टीम दौलत’ के संयोजक दौलत सोनी को दी। बिना देर किए उन्होंने अपने साथी धीरज गुप्ता, जो गढ़वा थाना क्षेत्र के चिरौंजिया गांव के निवासी हैं, से संपर्क किया। धीरज गुप्ता ने बिना कुछ सोचे-समझे तुरंत रक्तदान के लिए हामी भर दी और बारिश की परवाह किए बिना सीधे सदर अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। धीरज ने कहा, हम जैसे युवाओं का धर्म ही सेवा है। बारिश, धूप या कोई और परेशानी हमें रोक नहीं सकती। अगर हमारे एक यूनिट खून से किसी की जान बचती है, तो इससे बड़ा पुण्य और कुछ नहीं।


