टोंक में शनिवार को एक काले रंग की थार गाडी के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को अपराध करने की आशंका में गिरफ्तार किया है। उनियारा थाने के ASI रतन लाल मीणा ने बताया- आज मुखबिर से सूचना मिली कि एक थार गाड़ी में 5 संदिग्ध व्यक्ति अपराध करने के आशय से उनियारा इलाके में घूम रहे है, जो किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। उनियारा थाना पुलिस ने ASP रतनलाल भार्गव के आदेश पर उनियारा DSP आकांक्षा कुमारी और थाना प्रभारी कालूराम के निर्देशन में SP राजेश कुमार मीणा की ओर से चलाए जा रहे संदिग्ध व आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की धरपकड़ अभियान के तहत इन लोगों को पकड़ने के लिए थाने से रवाना हुए। आरोपियों ने पुलिस को देखकर सवाई माधोपुर की ओर कार को दौड़ाया। फिर पुलिस ने आरोपियों की काले रंग की थार गाडी को बंसल पेट्रोल पंप के आगे शराब के ठेके के पास बड़ी मुश्किल से रुकवाया और उसमें सवार 5 लोगों से पूछताछ की गई। उनसे गाड़ी के कागजात भी मांगे, लेकिन उसमें सवार लोग स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। फिर पुलिस ने उनकी कार और उनकी तलाशी ली। इस दौरान 6 मोबाइल फोन, 2 लोहे के पाइप गाडी में रखे हुए मिले। इससे आपराधिक प्रवृत्ति के प्रतीत लगने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनकी आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है। इन्हें किया गिरफ्तार पुलिस ने आरोपी राजकुमार (27) पुत्र रामदयाल मीणा निवासी बनोठा थाना सुरवाल जिला सवाई माधोपुर, बहादुर सिंह (25) पुत्र नरेन्द्र सिंह पवार राजपूत निवासी सीमेंट फैक्ट्री जीजी क्वार्टर के पास बजरिया थाना मानटाउन जिला सवाई माधोपुर, ऋषि कुमार (20) पुत्र तरुण कुमार निवासी सीमेंट फैक्ट्री जीजी क्वार्टर के पास बजरिया थाना मानटाउन जिला सवाई माधोपुर, हेमेन्द्र सिंह (19) पुत्र घलपत सिंह नरुखा निवासी साहु नगर थाना मानटाउन जिला सवाई माधोपुर, गणपत (19) पुत्र राधेश्याम खटीक निवासी थाना मानटाउन जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया है।


