ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और अरनोद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड तस्कर शाहरुख उर्फ टोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले चार वर्षों से फरार था और उसके खिलाफ प्रतापगढ़ जिले के साथ-साथ मध्यप्रदेश के रतलाम में भी आठ से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इनामी तस्कर शाहरुख उर्फ टोनी अपने गांव देवल्दी स्थित फार्म हाउस पर मौजूद है। सूचना मिलते ही अरनोद थाना पुलिस और डीएसटी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस पर तानी पिस्टल, फायरिंग कर भागने की कोशिश पुलिस टीम को देखते ही आरोपी अपने साथी जेरी उर्फ सारिक के साथ स्पोर्ट्स बाइक से कच्चे रास्तों के जरिए भागने लगा। घेराबंदी के दौरान शाहरुख ने पुलिस पर पिस्टल तान दी और भागते समय फायरिंग भी की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दो किलोमीटर पीछा, बरसाती नाले में कूदकर घायल करीब दो किलोमीटर तक चले पीछा अभियान के दौरान आरोपी एक निर्माणाधीन पावर हाउस के पीछे बरसाती नाले में कूद गया। नाले में पत्थरों से टकराने के कारण उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान पुलिस टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। आरोपी का दूसरा साथी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। भारी पुलिस बल तैनात, सघन तलाशी अभियान फायरिंग की सूचना मिलते ही डीएसटी, क्यूआरटी सहित आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि फरार आरोपी को जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहरुख उर्फ टोनी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय था। वह एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और पुलिस पर जानलेवा हमले से जुड़े कई मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस के अनुसार, 16 जनवरी 2026 को पुलिस पर फायरिंग को लेकर उसके खिलाफ एक नया मामला भी दर्ज किया गया है।


