टोंक जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में शुक्रवार को लगातार सातवें दिन सुबह से कोहरा छाया रहा। कोहरे का असर बीते दिनों के मुकाबले थोड़ा कम जरूर है, लेकिन ठंडी हवा चलने से सर्दी और गलन बढ़ गई है। सुबह दस बजे तक भी सूरज नजर नहीं आया, जिससे आमजन की दिनचर्या और आवाजाही प्रभावित हो रही है। सुबह से कोहरा, ठंडी हवा का असर शुक्रवार को जिले में सुबह से ही कोहरा छाया रहा। हालांकि पिछले दो दिनों की तुलना में कोहरे की तीव्रता कुछ कम रही, लेकिन ठंडी हवा चलने से सर्दी ज्यादा महसूस की जा रही है। लोग घरों से कम निकल रहे हैं। खासकर खुले में काम करने वाले कामगारों और दुपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी हो रही है। 60 मीटर बाद नहीं दिखे वाहन कोहरे के कारण सुबह आठ बजे तक करीब 60 मीटर दूरी के बाद वाहन और अन्य वस्तुएं साफ दिखाई नहीं दीं। गुरुवार को पांच दिन बाद सुबह करीब आठ बजे सूरज नजर आया था, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार को सुबह दस बजे बाद भी सूरज नहीं निकलने से फिर से सर्दी और गलन बढ़ गई। तापमान में गिरावट दर्ज ठंडी हवा और कोहरे के चलते अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार नहीं बने हैं। मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे में अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। नवंबर और दिसंबर में कम रहा था असर जानकारी के अनुसार इस साल नवंबर माह में सर्दी और कोहरे का खास असर नहीं रहा था। दिसंबर 2025 में भी सर्दी का असर बीते सालों के मुकाबले कम रहा, लेकिन नए साल में कोहरा और ठंड लगातार लोगों को परेशान कर रही है।


