गुमटाला बाईपास के पास एयरपोर्ट रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे ट्रक को राहगीरों ने करीब 100 मीटर पीछा कर चालक और हैल्पर को काबू किया और कंटोनमेंट पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी चालक प्रभु निवासी राजस्थान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान हरजीत सिंह ग्रेवाल ( 44) निवासी काले घनुपूर के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार दोपहर डेढ़ बजे की है। मृतक की पत्नी सतनाम कौर ने बताया कि दोपहर 12 बजे किसी काम से अजनाला की ओर जा रहे थे। आगे-आगे उनके पति बाइक पर जा रहे थे जबकि खुद भाई अमनदीप सिंह के साथ बाइक पर थी। पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनके पति की बाइक को टक्कर मारी और कुचलते हुए भागने लगा। राहगीरों ने पीछाकर ट्रक वाले को पकड़ा। पति की मौके पर ही मौत हो गई। घर में कमाने वाले पति ही थे। दैनिक भास्कर की पड़ताल में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। ट्रक के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर की हाई सिक्योरिटी प्लेट लगी थीं। एक प्लेट का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड ही मौजूद नहीं मिला, जबकि दूसरी के रिकॉर्ड में वाहन का इंश्योरेंस 2022 से समाप्त हो चुका है। हैरानी की बात यह है कि इसी नंबर पर ट्रक की फिटनेस अप्रैल 2026 तक वैध दर्ज है। इसके इलावा परिवाहन एप पर रजिस्ट्रेशन तारीख 27 दिसंबर 2010 का दिखा रहा है। डिटेल में चुरू डीटीओ राजस्थान से यह गाड़ी पास हुई है जो कई सवाल खड़ी कर रही है। हालांकि थाना कंटोनमेंट एसएचओ जतिंदर ने बताया कि ट्रक के मालिक से बात हुई है, उसने कहा है कि नया ट्रक लिया है। इसीलिए पहले प्लेट फार्म नंबर मिलता है, जिसे ट्रक पर लगाया था। वह कागजात लेकर रविवार सुबह पहुंच रहा है। जांच के बाद ही खुलासा होगा। जहां एसएचओ नया ट्रक की बात कर रहे हैं, वहीं नंबर प्लेट चैक करने पर 2010 रजिस्टर्ड डेट बता रहा है। ट्रक राजस्थान से अजनाला की ओर जा रहा था। ट्रक खाली था और उसमें से कुछ बरामद नहीं हुआ है। लेकिन डब्बल नंबर प्लेट कई तरह की आशंका को जाहिर कर रहा है।


