दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के 1161 शिक्षकों को शो-कॉज किया गया है। इन लोगों ने ऑनलाइन प्रशिक्षण में भाग नहीं लिया था। इनसे 25 मई तक जवाब मांगा गया है कि आखिर किस कारण से वे प्रशिक्षण से दूर रहे, जबकि पूर्व में ही सभी शिक्षकों को यह कहा गया था कि इस प्रशिक्षण में सभी शिक्षकों को अनिवार्य रूप से भाग लेना है। जिन शिक्षकों को शो-कॉल किया गया है, उनमें रांची, लोहरदगा, खूंटी, गुमला और सिमडेगा जिलों के शिक्षक शामिल हैं। झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने मंगलवार को कहा कि संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर इन सबके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। सबसे ज्यादा रांची के शिक्षक प्रशिक्षण से गायब
प्रशिक्षण से गायब रहने वाले सबसे ज्यादा 417 शिक्षक रांची जिले से हैं। वहीं, गुमला जिले से 293 शिक्षक, सिमडेगा से 164, खूंटी से 160 और लोहरदगा जिले से 127 शिक्षक उक्त ट्रेनिंग में शामिल नहीं हुए थे। एसपीडी (स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टरेट) ने कहा कि सभी पांचों प्रमंडलों के लिए अलग-अलग समय पर प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। यह प्रशिक्षण शिक्षकों के व्यक्तित्व विकास के लिए है। एक प्रमंडल से इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों का प्रशिक्षण में शामिल नहीं होना, गंभीर बात है। सभी डीईओ और डीएसई को निर्देश दिया गया है कि वे इन शिक्षकों के बारे में रिपोर्ट भेजें।


