छ्त्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में ट्रैफिक पुलिस की एक अनोखी पहल देखने को मिली है। एक तरफ जहां ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई तो वहीं ट्रैफिक नियमों का पालन करने वालों को गुलाब देकर प्रोत्साहित किया गया है। इस बात का संदेश दिया गया कि नियम हमारी सुरक्षा के लिए ही है। इसका पालन करें। ट्रैफिक पुलिस ने दंतेवाड़ा में मालवाहक वाहन पिकअप में सवारी भरकर लेजाने, बड़ी गाड़ियों को बिना सीट बेल्ट लगाकर चलाने और अवैध रूप से तेज रोशनी वाली LED लाइट लगाने वाले कुल 21 वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई है। इन वाहन चालकों का करीब 22 हजार 500 रुपए का चालान काटा गया है। लोगों को दी गई समझाइश ट्रैफिक TI प्रह्लाद साहू ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर में कमी लाने के साथ ही यातायात नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए समझाइश दी गई है। वहीं यातायात नियमों का पालन करने वाले दो-पहिया, चार पहिया वाहन चालक जिन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट लगाया था उन्हें गुलाब फूल देकर प्रोत्साहित किया गया। ऐसे कुल 150 वाहन चालकों को प्रोत्साहित किया गया है। उन्होंने कहा कि, इन्हें देखकर और भी लोगों को नियमों का पालन करना सिखना चाहिए।


