धौलपुर जिले के बसेड़ी डांग क्षेत्र के नादनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस 108 सेवा की शुरुआत के साथ ही स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। इस एम्बुलेंस को जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और पीएमओ डॉक्टर जयंतीलाल मीणा ने जिला मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 108 एम्बुलेंस के नादनपुर स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप मीणा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर एम्बुलेंस का स्वागत किया। इस मौके पर एम्बुलेंस स्टाफ ईएमटी डीके कुशवाहा और पायलट मनीष कसाना का तिलक कर और नारियल प्रसादी भेंट कर सम्मान किया गया। डॉक्टर संदीप मीणा ने बताया कि सरकार के एक वर्ष पूरा होने के मौके पर यह एम्बुलेंस क्षेत्र को दी गई है। एम्बुलेंस 108 की सेवा अब विधिवत रूप से शुरू हो चुकी है और स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ हर समय जनता की सेवा के लिए तत्पर रहेगा। इस मौके पर डॉक्टर कमलकांत गोस्वामी, डॉक्टर सत्येंद्र गुर्जर, डॉक्टर धनंजय शर्मा, नर्सिंग अधिकारी मनोज मीणा, लैब स्टाफ नरेश शर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप शर्मा, लिपिक देवेश शर्मा और अन्य स्टाफ के साथ ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने जताई खुशी
नादनपुर के सरपंच प्रतिनिधि कमल सिंह कुशवाहा और बडरिया के सरपंच प्रतिनिधि हलुका गुर्जर ने इस पहल को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस सेवा को पिछड़े डांग क्षेत्र के लिए वरदान बताया। ग्रामीणों ने नई एम्बुलेंस के आगमन पर एम्बुलेंस स्टाफ का भव्य स्वागत किया। डॉ. अजय सिकरवार और अन्य ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन करार दिया। अब क्षेत्रीय जनता आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकेगी। जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है। इस दौरान 108 ड्राइवर सुरेंद्र कसाना और ईएमटी डीके कुशवाहा मौके पर मौजूद रहे।


