दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अंतर्गत रांची, खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा, गुमला जिला में डायन उन्नमूलन के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा। डायन-बिसाही का मामला सामने आने पर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी। यह निर्देश प्रमंडलीय आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र ने मंगलवार को सभी जिले के पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि डायन प्रथा व सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। साथ ही इस तरह के कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना भी जरूरी है। उन्होंने सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के शत-प्रतिशत लाभुकों को पैसा देने का निर्देश दिया। कन्यादान योजना में गुमला जिला में विवाह निबंधन पोर्टल में आ रही दिक्कत की वजह से आवेदन पेंडिंग हैं, आयुक्त ने पोर्टल ठीक करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी मूक-बधिर विद्यालयों और वृद्धाश्रम को अनुदान राशि उपलब्ध कराने, आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को दी जा रही सुविधा बेहतर बनाने, सेविका-सहायिका के खाली स्थानों को भरने का निर्देश दिया।


