रातू थाना क्षेत्र के काठीटांड़ स्थित एसबीआई बैंक के बाहर पेट्रोल पंप कर्मी से हुई लूट की घटना के 12 दिनों बाद पुलिस ने दो आरोपियों के पोस्टर जारी किए हैं। पुलिस ने लूटकांड में शामिल आरोपियों की पहचान बताने वाले को 20 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। आरोपियों के बारे में बताने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा। रांची पुलिस ने कहा है कि उक्त दोनों व्यक्तियों के बारे में कोई भी जानकारी अगर किसी के पास हो तो वह नि:संकोच होकर पुलिस को बताए। मालूम हो कि 26 दिसंबर की दोपहर करीब 12.30 बजे रातू स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के कर्मी से दिनदहाड़े आरोपियों ने 13.66 लाख रुपए छीन ली थी और भाग गए थे। घटना एसबीआई रातू शाखा के मुख्य गेट पर हुई थी। उस वक्त पंप के कर्मी विमल मिश्रा अपने एक सहकर्मी अनीश कुमार के साथ (कार जेएच 01बीपी-7616) से रुपए जमा करने बैंक आए थे। कर्मियों के बैंक में घुसने से पहले ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। वे पल्सर बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना के संबंध में रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। लोग यहां दे सकते हैं सूचना अपराधी की सूचना एसएसपी को मोबाइल नं. 9431706136, ग्रामीण एसपी को 9431706138, डीएसपी हेडक्वार्टर को 9431706142 या रातू थाना प्रभारी को 9431706175 पर दी जा सकती है।


