भास्कर न्यूज | जालंधर राउंड ग्लास हॉकी अकादमी की तरफ से जारी चैंपियनशिप में शुक्रवार को क्वाटर फाइनल मुकाबले खेले गए। 14 नवंबर से जारी इस लीग में पंजाब भर से 20 टीमें हिस्सा ले रही है। शुक्रवार को सुरजीत हॉकी स्टेडियम में 4 क्वाटर फाइनल मुकाबले खेले। पहले क्वाटर फाइनल में राउंड ग्लास निक्के घुम्मन ने डिफेंडिंग चैंपियन राउंड ग्लास मिट्ठापुर को 3-0 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इस बार निक्के घुम्मन पूरी तरह हावी नजर आई। जसप्रीत सिंह ने 14वें और 28वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। जसप्रीत सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में राउंड ग्लास हरचोवाल और चहल कलां के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। चहल कलां की ओर से तरणवीर सिंह ने 29वें मिनट में बढ़त दिलाई, लेकिन हारचोवाल के राजविंदर सिंह ने जल्द ही बराबरी कर दी। इसके बाद खुशदीप ने चहल कलां को फिर बढ़त दिलाई, मगर हरचोवाल ने शानदार वापसी करते हुए कप्तान जतिन के 53वें और 55वें मिनट में किए गए दो गोलों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के नायक जतिन को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। राउंड ग्लास रूपनगर ने चचराड़ी की टीम को हराया तीसरे क्वार्टरफाइनल में राउंड ग्लास रूपनगर ने राउंड ग्लास चचराड़ी को 5-2 से हराया। मुकाबले की शुरुआत चचराड़ी के उधम सिंह के छठे मिनट में किए गोल से हुई, इसके बाद रूपनगर ने जोरदार पलटवार किया। अरुण, हर्शजोत सिंह और जगदीश ने लगातार तीन गोल कर मैच का रुख पलट दिया। चचराड़ी ने 36वें मिनट में एक गोल किया, लेकिन रूपनगर ने दो और गोल दागकर जीत पक्की कर ली। हर्शजोत सिंह ने हैट्रिक पूरी की, जबकि दीपांशु को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। आखिरी क्वार्टरफाइनल में राउंड ग्लास धन्नोवाली और बाबा बकाला के बीच खेला गया। धन्नोवाली टीम ने दूसरे और तीसरे क्वार्टर में मजबूत खेल दिखाते हुए 3-1 की बढ़त बना ली, लेकिन बाबा बकाला ने जबरदस्त वापसी की। 45 मिनट के अंत तक स्कोर बराबर करने के बाद अंतिम क्वार्टर में तीन गोल दागकर बाबा बकाला ने 6-3 से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। शमशेर सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर मुख्यातिथि के रूप में हॉकी पंजाब के महासचिव अमरीक सिंह पवार, सुरिंदर सिंह भापा, दलजीत सिंह व जगदीप सिंह गिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राजिंदर सिंह सीनियर ओलिंपियन, अशफाक उल्लाह खान, संजीव कुमार, लक्ष्य रायेकवार, चरत सिंह, मलकीत सिंह अंपायर, परमिंदर कौर कोच, अवतार सिंह कोच, कुलदीप सिंह कोच, बलजोत सिंह अंपायर, विकास पाल, रविंदर सिंह लाली, मनीष पांडे, बलविंदर सिंह कोच, कुलवंत सिंह, राजिंदर कुमार शर्मा, करन सिंह अंपायर, सुखविंदर सिंह, राजबीर सिंह, हरप्रीत सिंह, कुलविंदर सिंह, हरजीत सिंह राहुल, यशदीप गोयल, बलजिंदर सिंह मौजूद रहे।


