एक तरफ रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम फरवरी में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी की तैयारियों में लगी है। दूसरी ओर विक्रांत केनी की कप्तानी वाली एक और भारतीय क्रिकेट टीम (डिसेबल्ड) ने श्रीलंका में चैम्पियंस ट्रॉफी जीत ली है। मंगलवार को कोलंबो के कटुनायके स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारतीय डिसेबल्ड क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड टीम को एकतरफा मुकाबले में 79 रन से पराजित किया। भारतीय टीम ने योगेन्द्र भदौरिया (73) की आक्रामक बल्लेबाजी से 4/197 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम 118 रन ही बना सकी। इस तरह से भारतीय डिसेबल्ड क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। खास बात यह है कि भारतीय टीम ने चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए राजस्थान में ही तैयारी की थी। उदयपुर में डिसेबल्ड का नेशनल हुआ, जयपुर में चैलेंजर ट्रॉफी और कैंप लगा। इतना ही नहीं टीम के कोच भी राजस्थान के पूर्व रणजी कप्तान रोहित झालानी थे। योगेन्द्र भदौरिया और राधिका प्रसाद जीत के हीरो योगेन्द्र भदौरिया (73 रन, 40 गेंद, 4 चौके, 5 छक्के, 183 स्ट्राइक रेट) और राधिका प्रसाद (3.2 ओवर, 19 रन, 4 विकेट) भारतीय टीम की जीत के हीरो रहे। कप्तान विक्रांत केनी ने 15/2 और रविन्द्र सांते ने 24/2 विकेट लिए। सिर्फ इंग्लैंड से एक लीग मैच हारी टीम, कुल छह मैच जीती भारतीय टीम लीग में सिर्फ इंग्लैंड से एक मैच 4 रन से हारी थी। इसके अलावा सभी मैच जीते। श्रीलंका से 2, पाकिस्तान से 2, इंग्लैंड से भी 2 (1 लीग और फाइनल) जीते।


