धौलपुर में किसानों के साथ डीएपी खाद वितरण में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। किसानों से दो कट्टों के 2700 रुपए लिए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ एक कट्टा दिया जा रहा है। कंप्यूटर से दो कट्टों की रसीद काटी जा रही है। किसानों के मोबाइल पर भी दो कट्टों का मैसेज आ रहा है। खाद लेने के लिए गांवों से आए किसान सुबह से लाइन में खड़े हैं। वितरण केंद्र पर न छाया की व्यवस्था है और न पीने के पानी की। गर्मी में घंटों इंतजार से कई किसानों की तबीयत खराब हो रही है। लाइन में खड़ी एक बच्ची बेहोश भी हो गई। किसानों ने जब इस गड़बड़ी की शिकायत मौके पर मौजूद कर्मचारियों से की तो कोई जवाब नहीं मिला। कई किसानों का आरोप है कि कंप्यूटर से रसीद काटने वाले कर्मचारी इस घोटाले में शामिल हैं। यह मामला प्रशासन की लापरवाही और मिलीभगत की तरफ इशारा करता है। धौलपुर के कृषि विभाग और जिला प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। एक तरफ सरकार किसानों को राहत देने की बात कर रही है। दूसरी तरफ उनके साथ धोखाधड़ी हो रही है। किसानों और जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की है।


