डीग में डीएसटी टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई में 10 हजार रुपए के इनामी हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर कुंवर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह गिरफ्तारी एएसआई सुल्तान सिंह की सूचना पर गांव चिराक्ल माली के पास घेराबंदी करके की गई। गांव आरसी निवासी कुंवर सिंह पुत्र बलराम उर्फ बल्लो गुर्जर पर 1 सितंबर 2025 को गांव के ही एक व्यक्ति से उधार लिए पैसों को वापस मांगने पर विवाद के दौरान अंधाधुंध फायरिंग कर 3 लोगों को घायल करने का आरोप है। इस घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक ने 29 अक्टूबर 2025 को उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। 3 जिलों के 8 थानों में 29 मामले में है दर्ज
कुंवर सिंह गुर्जर पिछले 24 साल से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। वर्ष 2002 से 2025 तक उसके खिलाफ 3 जिलों के 8 थानों में कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में डीग जिले के नगर थाने में 21, भरतपुर जिले के वैर थाने में एक, अलवर जिले के उद्योग नगर, लक्ष्मणगढ़, बड़ोदामेव, गोविंदगढ़ व कठूमर थानों में 5 और जयपुर जिले के शाहपुरा थाने में एक मामला शामिल है। एनकाउंटर में मारा गया था भाई
आरोपी पर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर प्राणघातक हमला, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। कुंवर सिंह 4 भाइयों में से एक है। उसका भाई रत्नो गुर्जर पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था, जबकि सुरेश पुलिस एनकाउंटर में घायल होकर जेल में है। एक अन्य भाई किशोर भी पहले से जेल में बंद है।
इस पूरी कार्रवाई में डीएसटी टीम प्रभारी सुल्तान सिंह और कॉन्स्टेबल हनीफ खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


