डीग जिले में शनिवार को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मनाया गया। भारतीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एम.ए.जे. गवर्नमेंट कॉलेज, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल खोह और गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बेढ़म सहित कई स्कूलों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं। इन रंगोलियों में ‘मेरा भारत-मेरा वोट’ और ‘वोट फॉर बेटर इंडिया’ जैसे नारे उकेरे गए। इनके माध्यम से एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक वोट के महत्व पर जोर दिया गया। स्कूलों और कॉलेजों में सक्रिय ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब’ के तत्वावधान में संगोष्ठियां और जागरूकता सत्र आयोजित हुए। वक्ताओं ने ‘भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक’ विषय पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका समझाई। ब्लैकबोर्ड पर लिखे संदेशों ने युवाओं को मतदान के प्रति उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया। कार्यक्रम के दौरान डीग जिले में चल रहे ‘विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम’ की भी विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवा इस अभियान के तहत मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं। इसके अतिरिक्त, मौजूदा मतदाता अपनी प्रविष्टियों की जांच कर त्रुटियों को सुधार सकते हैं। यह अभियान सुनिश्चित करता है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इस कार्यक्रम में संस्था प्रधानों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की शपथ ली।


