डीडवाना में मारवाड़ फुटबॉल अकादमी द्वारा संचालित एरीना सॉकर अकादमी, सुद्रासन की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों, रुचिका और रितिका योगी का एस.जी.एफ.आई. राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। 14 वर्ष आयु वर्ग की ये बालिकाएं अब झारखंड के रांची में होने वाले स्कूल नेशनल गेम्स में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। रुचिका प्रभुराम की बेटी हैं, जबकि रितिका योगी सागरमल योगी की बेटी हैं। यह दूसरा अवसर है जब इन दोनों खिलाड़ियों का स्कूल नेशनल गेम्स में चयन हुआ है, जो उनकी निरंतर मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है। सुद्रासन गांव में खेल सुविधाओं का अभाव है। जिस मैदान पर ये बालिकाएं अभ्यास करती हैं, वह बंजर खेत जैसा है, जहां आधुनिक संसाधन या सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इन चुनौतियों के बावजूद, इन खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। अकादमी के कोच शादाब उस्मानी ने कहा कि शिक्षा और खेल को राजनीति से दूर रखकर ही नई प्रतिभाओं को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य जिले के हर गांव और ढाणी तक पहुंचकर नए खिलाड़ियों को तलाशना है। अकादमी की वर्तमान आवश्यकताएं कुछ भामाशाहों की मदद से पूरी हो रही हैं। उच्च स्तरीय खेल सामग्री और बेहतर मैदान की कमी के बावजूद, अब तक लगभग 10-12 बालिकाएं राजस्थान स्पोर्ट्स कोटा, हिंदुस्तान जिंक फुटबॉल अकादमी उदयपुर सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित हो चुकी हैं। इन बालिकाओं ने राजस्थान की कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। अकादमी के संरक्षक डॉ. सोहन चौधरी ने बताया कि पिछले चार वर्षों की मेहनत से डीडवाना को फुटबॉल के क्षेत्र में एक पहचान मिली है। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही हर गांव और ढाणी तक फुटबॉल प्रशिक्षण पहुंचाया जाएगा, और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बनाई जा रही खेल फाउंडेशन के माध्यम से निशुल्क प्रशिक्षण व आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। रुचिका और रितिका के चयन पर सुद्रासन के समाजसेवी अहमद हुसैन खां, अजीज तबाक, पार्षद नितेश बाजारी, रहमान जी, युनुस खान फौजी, नियाज खान, हनीफ खान, फराज खान, सद्दाम खान, अनवर खान, अमानुल्लाह सिद्दीकी (कालू मिस्त्री), डॉ. जाहिदा खान, रामाकिशन खीचड़, मोहम्मद स्वालीन, आसिफ इकबाल खान सहित खेल संघों और गणमान्यजनों ने शुभकामनाएं दी।


