डीडवाना-कुचामन जिले को नहर सिंचाई से जोड़ने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत से जयपुर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा नेता माधोराम चौधरी और भारतीय खाद्य निगम के निदेशक रामाकिशन खीचड़ ने किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री रावत को जिले के किसानों की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि डीडवाना-कुचामन जिले की भूमि अत्यधिक उपजाऊ है, लेकिन सिंचाई के लिए पर्याप्त जल व्यवस्था के अभाव में किसान परेशान हैं।
भूजल स्तर बहुत नीचे चला जाने के कारण किसान रबी की फसलों की बुवाई भी नहीं कर पा रहे हैं, जिससे कृषि उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। चौधरी और खीचड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास कर रही है। यदि डीडवाना-कुचामन जिले को नहर सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाता है, तो यहां के किसान आत्मनिर्भर बन सकेंगे और उनका जीवन स्तर भी बेहतर होगा। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि इस विषय में हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जयपुर में मुलाकात कर उन्हें अवगत कराया गया था। मुख्यमंत्री ने डीडवाना-कुचामन जिले को आने वाले समय में सिंचाई और पेयजल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है और राज्य सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किए जाने की बात कही है।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता अमरचंद जाजड़ा, भाजपा नेता ज्ञानाराम रणवा, जिला परिषद सदस्य नानूराम मेघवाल और भाजपा नेता मेहराम विश्नोई भी उपस्थित रहे।


