डीडवाना-कुचामन जिले में राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘2 साल: नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान’ कार्यक्रम के तहत विकास रथ संचालित किए जा रहे हैं। इन रथों के माध्यम से जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देश पर शनिवार को ये विकास रथ जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचे। एलईडी वैन के जरिए ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों से अवगत कराया गया। इन विकास रथों ने परबतसर विधानसभा क्षेत्र के बागोट, बरेव, भकरी, जावला और बिठवालिया गांवों का दौरा किया। मकराना विधानसभा में कालवाबड़ा, काशीनगर, भिचावा और जाखली में प्रचार-प्रसार किया गया। नावां विधानसभा के अड़कसर, चावण्डिया, परेवडी, शिव और प्रेमपुरा में भी रथ पहुंचे। इसी प्रकार, डीडवाना विधानसभा के निमोद, बांसा, रसीदपुरा, डाकीपुरा और धनकोली तथा लाडनूं विधानसभा के बरडवा, मावा, दयालपुरा, लालासरी और सुपका गांवों में भी जानकारी दी गई। इस दौरान एलईडी वैन पर प्रदर्शित ऑडियो-वीडियो सामग्री के माध्यम से आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने विकास रथ में दिखाई जा रही जानकारियों को रुचि के साथ देखा और योजनाओं के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई।


