लुधियाना| एनजीटी ने ग्रीन बेल्ट से एनक्रोचमेंट न हटाने पर नाराजगी जताई है। एनजीटी ने डिप्टी कमिश्नर, निगम कमिश्नर, लुधियाना इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन को शोकॉज नोटिस जारी किया है। साथ ही निगम कमिश्नर को पेश होने के आदेश दिए हैं। सराभा नगर में एमसी एक्सटेंशन कार्यालय भवन, डंप यार्ड को हटाने, मॉडल टाउन एक्सटेंशन रोड पर कुछ दुकानों को बंद करने के संबंध में 4 जुलाई 2024 के आदेश हुए थे लेकिन आदेशों का क्रियान्वयन नहीं किया गया। एनजीटी में इसे लेकर 13 जनवरी को सुनवाई थी। एनजीटी ने सुनवाई की अगली तारीख पर नगर निगम लुधियाना के कमिश्नर को व्यक्तिगत रूप से फिजिकल या वर्चुअल मोड पर पेश होने का निर्देश दिया है। साथ ही कमिश्नर आदित्य डेचलवाल,डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र जोरवाल, चेयरमैन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट लुधियाना तरसेम सिंह भिंडर को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। याचिकाकर्ता कपिल अरोड़ा एवं इं. विकास अरोड़ा ने बताया कि एनजीटी ने निगम लुधियाना को निर्देश दिया था सराभा नगर और मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित ग्रीनबेल्ट से अवैध संरचनाओं और अतिक्रमण को हटाया जाए। ट्रिब्यूनल द्वारा दो महीने का समय दिया गया था लेकिन नगर निगम लुधियाना ने संरचनाओं को हटाए बिना अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की।


