भास्कर न्यूज|गढ़वा डीसी ने जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया। मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला सलाहकार समिति की बैठक की गई। इसकी अध्यक्षता डीसी दिनेश कुमार यादव ने की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों सहित तीनों अनुमंडल के एसडीओ और सिविल सर्जन उपस्थित थे। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि लिंग चयन प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत जिले में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का समय-समय पर सघन निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने तीनों अनुमंडल के एसडीओ को अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र में पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच करने और अधिनियम के सभी प्रावधानों का अनुपालन कर रहे हैं या नहीं इसकी गहन जांच करने का निर्देश दिया है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए केंद्र का पंजीकरण निरस्त करने की प्रक्रिया करें। उन्होंने सिविल सर्जन को तीनों एसडीओ से समन्वय बनाकर इस कार्य में पूर्ण सहयोग करने की बाते कही। सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि सभी सीएचसी एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में चिकित्सकों की उपलब्धता को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए एक रोस्टर चार्ट बनाकर सभी जगह लगाने के निर्देश दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


