डीसी ने मोथा चक्रवात से प्रभावित 73 किसानों को फसल बीमा के तहत लाभ देने का दिया निर्देश

भास्कर न्यूज| चाईबासा बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खरीफ-2025-26 से संबंधित अधिसूचित तथा बीमित फसलों के सत्यापन हेतु जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि खरीफ वर्ष 2025-26 में जिले में भदई, मक्का एवं अगहनी धान फसलों हेतु बीमा का कवरेज के अंतर्गत कुल 85,106 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका कुल बीमित रकबा 51,732.42 हेक्टेयर है। भदई- मक्का में 871 आवेदन तथा अगहनी धान में 84,235 आवेदन की जानकारी दी। बैठक में उपायुक्त ने खरीफ वर्ष 2024-25 में बीमित फसल क्षेत्र के किसानों को लाभान्वित करने हेतु जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी व जिला सहकारिता पदाधिकारी को संलग्न बीमा एजेंसी से समन्वय स्थापित कर खराब फसलों का आकलन प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित फसल के हकदारों को एक माह के भीतर बीमा का लाभ प्रदान करने का निर्देश दिया। साथ ही मोथा चक्रवात की वजह से टोल फ्री नंबर-14447 पर फसल बर्बादी की सूचना देने एवं आवेदन करने वाले 73 किसानों को भी फसल बीमा के तहत लाभान्वित करने का निर्देश दिया गया। उक्त बैठक में अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी फ्रांसिस कुजूर, जिला कृषि पदाधिकारी अमरजीत कुजूर व जिला सहकारिता पदाधिकारी अमिता कुमारी, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक-बैंक ऑफ़ इंडिया, एचडीएफसी-ईआरजीओ के प्रतिनिधि सहित अन्य उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *