डूंगरपुर नगर परिषद की साधारण सभा की बैठक में हंगामा:पीएनजी प्लांट और अतिक्रमण पर विरोध, 60.86 करोड़ रुपए का बजट पास

डूंगरपुर नगर परिषद की शुक्रवार को आयोजित साधारण सभा में पार्षदों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सभापति अमृत कलासुआ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आबादी क्षेत्र में पीएनजी गैस प्लांट की स्थापना, अवैध अतिक्रमण और सीवरेज कार्य की धीमी गति को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई। बैठक में नगर परिषद आयुक्त लोकेश पाटीदार और सभी पार्षद उपस्थित थे। पार्षदों ने स्थानीय निवासियों की चिंताओं को उठाते हुए आबादी क्षेत्र में प्रस्तावित पीएनजी गैस प्लांट का विरोध किया। साथ ही, सरकारी भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण और सीवरेज परियोजना की मंद प्रगति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। विकास कार्यों में पूर्व बोर्ड द्वारा की गई अनियमितताओं की जांच की मांग भी उठी। पार्षदों ने नए बस स्टैंड से बाइपास रोड के ढलान को कम करने और सड़क से अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। सलाटवाडा में जर्जर स्कूल भवन की जगह सामुदायिक भवन बनाने का प्रस्ताव रखा गया। पार्षद नरेश यादव ने कच्ची बस्तियों को डी-नोटिफाई करने की मांग की, जिससे गरीब लोगों के आवासों का नियमन किया जा सके। बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए 60 करोड़ 86 लाख रुपए का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक के समापन पर पुलवामा हमले की बरसी पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *