डूंगरपुर में कांग्रेस के अनुसूचित जाति (एससी) विभाग ने संविधान दिवस मनाया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के बाहर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में डूंगरपुर से कांग्रेस विधायक एवं जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा, पूर्व मंत्री असरार अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर एकत्र हुए। सभी ने अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा ने इस मौके पर कहा कि संविधान हमें बुनियादी अधिकार देता है और हमारी जिम्मेदारियों को भी बताता है। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें उन सिद्धांतों को बनाए रखने की याद दिलाता है जो देश को एकजुट और स्वतंत्र रखते हैं। घोघरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह बाबा साहेब द्वारा बनाए गए संविधान पर नहीं चल रही है, बल्कि अपने संविधान पर चल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की मंशा संवैधानिक अधिकारों को खत्म करना है। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश के संविधान में जनता को दिए गए अधिकारों का लाभ आज उन्हें नहीं मिल पा रहा है।


