डूंगरपुर में पेड़ गिरने से ऑटो समेत 2 कारें दबीं:4 स्कूली बच्चे बाल-बाल बचे, कचरा जलाने के कारण कमजोर हो गया था तना

डूंगरपुर शहर के आदर्श नगर लिंक रोड पर सोमवार दोपहर एक बड़ा पेड़ अचानक गिर गया। इस घटना में दो कारें और स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी स्कूली बच्चे या अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई। यह पेड़ पशुपालन विभाग की चारदीवारी के भीतर स्थित था। पेड़ के तने के आसपास कचरा जमा था, जिसमें सोमवार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी थी। आग के कारण पेड़ का तना कमजोर हो गया, जिसके चलते वह दोपहर में धराशायी हो गया। पेड़ गिरने के दौरान उसके नीचे खड़ी दो कारें और सड़क से गुजर रहा स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो उसकी चपेट में आ गए। ऑटो ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए पेड़ को गिरता देख ऑटो को तेजी से आगे बढ़ा दिया, जिससे ऑटो में सवार चार बच्चों की जान बच गई। हालांकि, इस हादसे में ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आदर्श नगर लिंक रोड पर आवागमन बाधित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर बिजली विभाग ने क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। नगर परिषद की टीम भी मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर मार्ग पर यातायात सुचारु कराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *