स्वामी विवेकानंद जयंती पर सिरोही में ‘रन फॉर स्वदेशी’ दौड़:शिक्षा विभाग व स्वदेशी जागरण मंच की पहल, सांसद ने युवाओं को किया संबोधित

सिरोही शहर में सोमवार, 12 जनवरी 2025 को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर ‘रन फॉर स्वदेशी’ संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग और स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त देखरेख में आयोजित इस दौड़ में युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया। UCEEO आशुतोष व्यास और मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह राव के अनुसार, शहरी स्कूलों से 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने ‘स्वदेशी अपनाओ’ के नारे लगाकर शहर को जागरूक किया। कार्यक्रम के मुख्य मेहमान सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और स्वामी विवेकानंद युवाओं के आदर्श हैं। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के मंत्र ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए’ को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। सांसद ने स्वदेशी और ‘लोकल फॉर वोकल’ को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने पर भी जोर दिया। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) महेंद्र कुमार नानीवाल ने सभी प्रतिभागियों को स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई। स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक जय गोपाल पुरोहित ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का आह्वान किया। यह दौड़ प्रातः 11 बजे अहिंसा सर्किल, सिरोही से शुरू हुई। सांसद लुम्बाराम चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौड़, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र नानीवाल, रन फॉर स्वदेशी के जिला युवा संयोजक अनिल प्रजापत और सी.आई. सिरोही कोतवाली कैलाश दान बारहठ ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *