जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्वच्छता” के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर एक कंटेनर से 10 लाख का 118 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। वहीं, 3 तस्कर को गिरफ्तार किया है। कंटेनर में 10 कट्टों में डोडा चूरा भरा हुआ था। परचूनी सामान की आड़ में तस्करी कर ले जाया जा रहा था। बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि नशे की तस्करी को रोकने ऑपरेशन स्वच्छता चलाया जा रहा है। इसके तहत मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि कंटेनर से डोडा चुरा की तस्करी की जा रही है। सीआई कैलाश सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका और तलाशी ली। कंटेनर में परचूनी सामान भरा हुआ था। उसके पीछे की कट्टो में अफीम डोडा चुरा भरा हुआ मिला। पुलिस ने 10 कट्टो से 118 किलो अफीम डोडा चुरा बरामद किया है। पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर सहित 3 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।


