एजुकेशन रिपोर्टर| बीकानेर संभाग के सबसे बड़े डूंगर कॉलेज में अगले सत्र से विधार्थी बीबीए – बीसीए सहित एमबीए – एमसीए कोर्स भी कर सकेंगे। डूंगर कॉलेज प्रशासन ने इस संबंध में तैयारियां शुरू कर दी है। कॉलेज प्रशासन ने बीबीए – बीसीए के साथ अगले सत्र से कॉलेज में एमबीए और एमसीए पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए शुल्क जमा करवा कर ऑल इंडिया कौंसिल ऑफ टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाया है। उधर, एआईसीटीई ने डूंगर कॉलेज प्रशासन से स्टाफ और बिल्डिंग के संबंध में शपथ पत्र मांगा है। दरअसल, पीजी लेवल के इन दोनों तकनीकी कोर्स को शुरू करने के लिए अलग- अलग ब्लॉक अथवा भवन, प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए हाइटेक कंप्यूटर लैब, पढ़ने के लिए स्थाई अथवा अस्थाई शिक्षक, प्लेसमेंट सेल और कैंपस इंटरव्यू सुविधा सहित स्मार्ट बोर्ड सहित अन्य संसाधन आवश्यक है। नए कोर्स शुरू करने के लिए डूंगर कॉलेज प्रशासन यह सुविधा उपलब्ध करा पाएगा इस संबंध में एआईसीटीई ने शपथ पत्र मांगा है। उधर, डूंगर कॉलेज प्रशासन का कहना है कि विद्या संबल और कॉमर्स के स्टाफ से कक्षाएं संचालित की जाएगी वहीं बिल्डिंग के लिए निर्माण कार्य शुरू हो चुका है विद्यार्थियों को किसी संबंध में समस्या नहीं होगी। दो साल पहले शुरू हुआ बीबीए – बीसीए कोर्स राज्य सरकार ने दो साल पहले डूंगर सहित प्रदेश के आठ सरकारी कॉलेज में बीबीए – बीसीए के साथ ही एमबीए – एमसीए कोर्स शुरू करने की मंजूरी दी थी। लेकिन एआईसीटीई से अप्रूवल नहीं मिलने के कारण इन कॉलेजों में केवल स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रम बीबीए- बीसीए मैं ही प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो पाई है। कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने नए शिक्षा सत्र से एमबीए – एमसीए कोर्स संबंधित कॉलेजों में शुरू करने के लिए निर्धारित समय तक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। ^ नए शिक्षा सत्र से डूंगर कॉलेज में बीबीए – बीसीए के साथ ही पीजी स्तर पर एमबीए – एमसीए कोर्स शुरू करने की तैयारी है।एआईसीटीई ने स्टाफ और बिल्डिंग के संबंध में शपथ पत्र मांगा है जल्द ही शपथ पत्र एआईसीटीई को भिजवाया जाएगा। – डॉ.राजेंद्र पुरोहित, प्राचार्य, राजकीय डूंगर कॉलेज


