डॉक्टर को जबरन ड्रग सेंटर में बंद रखने पर भाई, बहन सहित 8 पर पर्चा

भास्कर न्यूज | अमृतसर प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक एमबीबीएस डॉक्टर के अपहरण, मारपीट और जबरन ड्रग सेंटर में बंद रखने के आरोप में थाना सदर पुलिस ने भाई, बहन, भतीजा सहित 8 लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में डॉ. सरप्रीत सिंह गिल निवासी भुल्लर एवेन्यू ने बताया कि वह एमबीबीएस डॉक्टर हैं और गांव माहल में महाबीर अस्पताल चलाते हैं। वह अपने घर में अकेले रहते हैं। 25/26 दिसंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे चार नकाबपोश युवक जबरन उनके कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने विरोध करने पर जबरदस्ती कार में डालकर मुंह बांध दिया और अपहरण कर लिया। कुछ समय बाद उन्हें सुखमनी ड्रग काउंसलिंग एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर, श्री गोइंदवाल साहिब जिला तरनतारन ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया, जहां उनके साथ मारपीट भी की गई। 27 दिसंबर को अस्पताल स्टाफ और परिजनों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद उन्हें छुड़ाया गया। डॉ. गिल ने बताया कि अपहरण में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की कार थी। अपहरण करने वालों में हीरा सिंह, करनबीर सिंह, सुल्तान और अंशू शामिल थे। इसके पीछे रिहैब सेंटर के मालिक सतनाम सिंह, उनके भाई रणदीप सिंह गिल, कनाडा निवासी भतीजा करम गिल, बहन हीना गिल और एक अज्ञात व्यक्ति की साजिश थी। डॉक्टर ने कहा कि यह पूरा मामला पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा है और उन्हें डराने-धमकाने के लिए यह साजिश रची गई। थाना सदर के एएसआई गुरभजन सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *