डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने का विरोध:कांग्रेस ने कैंट थाने पहुंचकर एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

सागर जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की घटनाओं पर कांग्रेस ने विरोध जताया। रविवार को कांग्रेसी कैंट थाने पहुंचे, जहां उन्होंने डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह के भीतर जिले के दो अलग-अलग स्थानों 25 सितंबर को सुरखी विधानसभा के ग्राम करहद गांव में और 4 अक्टूबर को खुरई विधानसभा क्षेत्र के बांदरी में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की घटनाएं हुई हैं। कांग्रेस ने इन दोनों घटनाओं को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि दोनों ही घटनाओं में समानता यह है कि ये उन क्षेत्रों में हुई हैं जहां भाजपा के विधायक प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे यह आशंका और गहराती है कि यह घटनाएं सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा हो सकती हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि दोनों मामलों की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की जाए, ताकि दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जा सके। कांग्रेस के जिला शहर अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि कांग्रेस ने प्रशासन से जिले में संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने, पुलिस गश्त तेज करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *