प्रख्यात गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. शोभा चक्रवर्ती का पार्थिव शरीर गुरुवार को अग्नि में विलीन हो गया। हरमू मुक्ति धाम में उनकी पुत्री डॉ. निवेदिता चक्रवर्ती और पोते कबीर ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर हजारों की संख्या में शहर के चिकित्सक वकील चार्टर्ड अकाउंटेंट सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग और राजनीतिक दलों के नेता मौजूद थे। डॉ. शोभा चक्रवर्ती का बुधवार को बरियातू स्थित हिल व्यू नर्सिंग होम में हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। इससे पहले बरियातू रोड स्थित निवेदिता विला में श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों की भीड़ लगी रही। सुबह से ही उनके पार्थिव शरीर को नमन करने के लिए लंबी लाइन लगी नजर आई। शहर के तमाम प्रतिष्ठित डॉक्टरों के अलावा स्टूडेंट भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। पूर्व वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। डॉ. बीके वर्मा, डॉ. रीता वर्मा, डॉ. सुषमा प्रिया, डॉ. अजय कुमार, डॉ. अमर सिंह समेत अन्य चिकित्सक शामिल हुए।


