भास्कर न्यूज | कवर्धा पांडातराई थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरिया कला में होलिका दहन की रात मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना 14 मार्च की है। पीड़ित अनुज निर्मलकर (35) ने थाना पांडातराई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि अनिल चंद्रवंशी, अमित चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी और रोहित उर्फ गोलू चंद्रवंशी ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी दी। हाथ, मुक्के और डंडे से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी पुष्पेंद्र बघेल और पंकज पटेल के मार्गदर्शन में एसडीओपी अखिलेश कौशिक के निर्देशन में थाना प्रभारी त्रिलोक प्रधान ने आरोपियों की तलाश शुरू की। 20 मार्च 2025 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


