लुधियाना| हकीकत नगर में बुधवार रात एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान राज कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे और काम पर भी नहीं जा रहे थे। परिवार का कहना है कि हाल ही में उनका किसी के साथ विवाद हुआ था और मामला पुलिस तक पहुंच गया था। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं कि यही विवाद आत्महत्या की वजह बना या कोई और कारण था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। बुधवार रात राज कुमार पहली मंजिल पर बने कमरे में सोने गए थे। वीरवार सुबह जब उनकी बुजुर्ग मां उन्हें जगाने गईं तो वह फंदे से लटके मिले। शोर मचने पर पड़ोसी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद थाना हैबोवाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। जांच अधिकारी गगनदीप ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


