छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। जमदई गांव में बुधवार शाम को बबल यादव (35) मवेशी चराते निकला था तभी तरबूज के खेत में लगे बिजली के तार को टच कर गया। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है। ग्रामीणों के मुताबिक, खेत मालिक ने तरबूज की फसल की चोरी रोकने के लिए बिजली का करंट लगा रखा था। मृतक किसान रोजाना की तरह अपने मवेशियों को चराने गया था। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर खबर लगते ही खेत मालिक भाग गया। परिजनों ने दोषी पर कार्रवाई की मांग की है पुलिस गुरुवार सुबह करीब 4 बजे मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों ने शव को उठाने का विरोध किया। उनका कहना है कि यह हत्या का मामला है। वे दोषी की गिरफ्तारी से पहले शव नहीं ले जाने देंगे। घटना के बाद से खेत मालिक फरार है। पुलिस मौके पर तैनात है और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।


