नागौर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाइयां करते हुए भारी मात्रा में एमडीएमए, डोडा पोस्त और स्मैक जब्त की है, साथ ही एक 11 साल से फरार स्थाई वारंटी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। भावण्डा पुलिस और डीएसटी की संयुक्त दबिश, एमडीएमए के साथ दो गिरफ्तार पुलिस थाना भावण्डा और जिला विशेष टीम (DST) ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संखवास से कुचेरा रोड पर घेराबंदी कर 28.80 ग्राम अवैध एमडीएमए (MDMA) बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने भवाद निवासी आरोपी गोपाल उर्फ रामगोपाल और अशोक को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त एक हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मूण्डवा में लग्जरी कारों से तस्करी, चार तस्करों के पास से स्मैक बरामद थाना मूण्डवा और डीएसटी नागौर ने ईनाणा सरहद में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो गाड़ियों में परिवहन की जा रही 5.20 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। पुलिस ने मौके से आरोपी मनीष, रामदेव, नथूराम और नरपत को गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त टाटा हैरियर और मारुति स्विफ्ट कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। यह कार्रवाई वृत्ताधिकारी जायल के सुपरविजन में टीम द्वारा अंजाम दी गई। रोल पुलिस की गश्त के दौरान कार्रवाई, 4 किलो से अधिक डोडा पोस्त जब्त पुलिस थाना रोल ने गश्त के दौरान तरनाऊ रोड पर संदिग्धों की तलाशी लेते हुए बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार आरोपी गणेशाराम और रामप्रसाद को रोककर तलाशी ली, जिनके कब्जे से कट्टे में भरा 4 किलो 638 ग्राम अवैध डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। 11 साल से फरार 50 से अधिक मुकदमों का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार ’ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत मेड़तासिटी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने पिछले 11 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात स्थाई वारंटी गोपाल चौधरी को नरैना, जयपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और लूट जैसे 50 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। यह वांछित अपराधी पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था।


