भास्कर न्यूज | कोंडागांव राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय दहीकोंगा द्वारा स्वस्थ संकल्प एवं नशा मुक्त भारत के लिए युवा थीम पर सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर 22 दिसंबर से ग्राम बड़े बंजोड़ा में आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं ने श्रमदान, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से गांव में सकारात्मक संदेश दिया। शिविर का आयोजन राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता वाजपेई (उच्च शिक्षा विभाग), राज्य कार्यक्रम समन्वयक संजीवन कुमार (शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर, जगदलपुर) तथा जिला संगठक शशिभूषण कनोजे के मार्गदर्शन में किया गया। संस्था के प्राचार्य टीपी जोशी के सहयोग एवं कार्यक्रम अधिकारी कमलेश्वर सिंह कुमेटी के सान्निध्य में स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों को अंजाम दिया। इसके साथ ही नशा उन्मूलन, सुरक्षित पारा–सुरक्षित जीवन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बड़े बंजोड़ा के सरपंच दास राम कोराम, उप सरपंच कुमारी पोयाम, ग्राम पुजारी समरूप राम पोयाम, पंचगणों के साथ वरिष्ठ स्वयंसेवक अजीत सिन्हा, विशनाथ मोहनी, भारती, दल नायक पप्पू सेठिया, संजना बघेल एवं युवा समिति का विशेष सहयोग रहा। खेल स्पर्धा व जागरूकता रैली बनी लोगों में आकर्षण शिविर का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं और जागरूकता रैली रहीं, जिसने ग्रामीणों का मन मोह लिया। एनएसएस स्वयंसेवकों के इस प्रयास को गांव में सराहना मिली और नशामुक्त समाज की दिशा में इसे एक सार्थक पहल माना गया।


