भास्कर न्यूज | अंबिकापुर शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेयरी फार्म इलाके में शुक्रवार-शनिवार की मध्य रात हुए बबलू मंडल की हत्या के मामले में पुलिस ने सीसी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह महज एक मामूली विवाद और बीच-बचाव करना सामने आई है। आरोपी सुमित एक्का (20 वर्ष) और उसकी साथी सुस्मिता हरिला उर्फ सोनिया (22 वर्ष) सुभाषनगर स्थित अपनी सहेली के बंद कमरे का ताला तोड़कर सोने की कोशिश कर रहे थे। इस बात पर मकान मालिक से उनका विवाद हुआ। पड़ोस में रहने वाले बबलू मंडल ने जब यह देखा, तो उन्होंने बीच-बचाव करते हुए आरोपियों को डांटा और वहां से जाने को कहा। बबलू के डांटने पर सुमित और सोनिया वहां से चले गए, लेकिन बबलू उनका पीछा करने लगा। डेयरी फार्म रोड के पास बबलू ने सोनिया को फिर से धमकाया और किसी को फोन करने लगा। सोनिया ने अपने एक अन्य साथी प्रमोद तिवारी उर्फ टक्कू को फोन कर मौके पर बुला लिया। प्रमोद के पहुंचते ही तीनों ने मिलकर बबलू पर हमला कर दिया और चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने इलाके के सीसी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपियों की शिनाख्त हुई। पुलिस ने सुमित एक्का (बलरामपुर), प्रमोद तिवारी और सुस्मिता हरिला (दोनों गांधीनगर) को घेराबंदी कर पकड़ लिया।


