कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस (DIG) राजेंद्र प्रसाद गोयल ने शनिवार को बूंदी जिले के तालेड़ा थाने में जनसुनवाई की। इस दौरान ग्रामीणों और शहरी नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गई कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा (IPS) ने बताया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों के साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और थाना क्षेत्र के परिवादी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। जनसुनवाई के दौरान उप महानिरीक्षक गोयल ने तालेड़ा थाने में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र का उद्घाटन भी किया। यह केंद्र महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श और सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इसमें महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, कानूनी परामर्श और साइबर अपराध जैसी शिकायतों को दर्ज कर समाधान उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इस केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र की महिलाओं को अधिक सुरक्षित वातावरण मिलेगा और उन्हें अपनी समस्याएं सीधे तौर पर साझा करने का सशक्त मंच उपलब्ध होगा।


