इटावा के पास मंगलवार को पीपल्दा क्षेत्र के फुसोद गांव में पार्वती नदी तट पर स्थित माता कंकाली और पार्वती माता के दरबार में तिल कुटा चौथ पर हजारों भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने मां चौथ माता के दर्शन कर अपने घरों में सुख-शांति की कामना की। दर्शनों के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। मध्य प्रदेश सहित कोटा, बारां, सवाई माधोपुर, मांगरोल, सुल्तानपुर, खातोली, इटावा, पीपल्दा, करवाड़, शहनावद, रॉन जैसे सैकड़ों स्थानों से पचास हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। दूर-दराज के गांवों से सैकड़ों पैदल यात्रियों के जत्थे भी माता के दर्शन करने पहुंचे। पुलिस प्रशासन मेला ग्राउंड और माता जी के मंदिर में उपस्थित रहा। हालांकि, पीपल्दा से फुसोद मार्ग पर भक्तों की भारी भीड़ और सड़क सकड़ी होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी। पैदल यात्रियों को खेतों से होकर गुजरना पड़ा। तिल चौथ पर माता के दर्शन के लिए भक्तों को नदी की धारा भी नहीं रोक पाई। नदी से सटे मध्य प्रदेश सीमावर्ती गांवों के सैकड़ों श्रद्धालु पार्वती नदी में जान जोखिम में डालकर माता के दर्शन के लिए पहुंचे। पीपल्दा से फुसोद सड़क लगभग छह साल से उखड़ी पड़ी है। पूरे मार्ग में गिट्टी बिछी होने से नंगे पैर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को चलने में बड़ी परेशानी हुई। वहीं, मार्ग से वाहन निकलने पर धूल के गुब्बारों का सामना करना पड़ा। दुपहिया वाहन चालकों को भी मार्ग में चलने पर परेशानी हुई। रास्ते में जगह-जगह जाम लगने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। तिल कुटा चौथ पर बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, PHOTOS


