भास्कर न्यूज | गिरिडीह. अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में झारखंड का नाम रोशन करने वाली गिरिडीह की तीन बेटियों को रविवार को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी गुलाम रब्बानी के आवास पर हुआ। मौके पर टीम की कोच प्रियंका कच्छप भी मौजूद थीं। अनिता कुमारी, नीतू लिंडा और अमीषा बाखला को कोच के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। गुलाम रब्बानी ने कहा कि कोच प्रियंका कच्छप के नेतृत्व में तीनों खिलाड़ियों ने भारत की ओर से अंडर-19 बालिका वर्ग 2024 की फुटबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। यह टूर्नामेंट बांग्लादेश के ढाका में हुआ था। फुटबॉल एसोसिएशन के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन नुरुल होदा ने बताया कि झारखंड की बेटियां फुटबॉल में आगे बढ़ें, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिला और पुरुष दोनों वर्गों के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कोच प्रियंका कच्छप ने सभी खिलाड़ियों को सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मेहनत और टीम वर्क का नतीजा है।


