धार शहर के एसपीडी ग्राउंड में शुक्रवार शाम एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जेतपुरा निवासी रवि सिंह (लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई है। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रवि पेशे से पेंटर था और पिछले एक वर्ष से अपने परिवार से दूर धार के मगजपुरा क्षेत्र में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, रवि तीन दिन से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार शाम एसपीडी ग्राउंड में लोगों ने दुर्गंध महसूस की, जिसके बाद शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत 2 से 3 दिन पहले हुई होगी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर नशे की अधिकता से मौत की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। मृतक रवि अपने पीछे 2 से 3 साल की एक मासूम बेटी छोड़ गया है। उसके पिता काशीराम सिंध्या चौकीदारी और खेती का कार्य करते हैं। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि एसपीडी ग्राउंड में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


