भास्कर संवाददाता | बड़वानी कृषि उपज मंडी में प्रत्येक रविवार को लगने वाले बाजार में तीसरे सप्ताह सौंफ की आवक 100 बोरी से अधिक रही। मौसम में उतार-चढ़ाव से अभी सौंफ की क्वालिटी कमजोर और अधिक नमी वाली रही है। इसके कारण भाव 150 रुपए से भी नीचे रहा हैं। इससे सौंफ बेचने आ रहे कई किसान उपज वापस ले जाने को मजबूर हो रहे हैं। कृषि उपज मंडी के अनुसार इस रविवार को कृषि उपज मंडी में 123 बोरी सौंफ की आवक रही, जिसका वजन 80 क्विंटल रहा। बारीक सौंफ का भाव 14 हजार रुपए प्रति क्विंटल व मोटी सौंफ 5500 रुपए प्रति क्विंटल बिकी। कम भाव मिलने से सैकड़ों बोरी सौंफ किसान पिकअप लोडिंग वाहनों में वापस लेकर गए। बड़वानी के अलावा धार, खरगोन, आलीराजपुर क्षेत्र में किसान अधिक मात्रा में सौंफ का उत्पादन करते हैं। बड़वानी कृषि मंडी में फरवरी-मार्च में सौंफ का सीजन अधिक रहता हैं। व्यापारियों के अनुसार सौंफ के दाम क्वालिटी अनुसार तय होते हैं। मंडी में अभी जो सौंफ आ रही हैं, उसमें अधिक नमी और रंगत भी बैरंग होने से भाव में उठाव कम हैं। आगामी सप्ताह में सौंफ की बंपर आवक होने से भावों में सुधार की उम्मीद है। मनावर के किसान धर्मेंद्रसिंह ने बताया दो क्विंटल सौंफ बेचने आए थे। मंडी में व्यापारी ने सौंफ का दाम मात्र 100 से 110 रुपए किलो लगाया। कम भाव मिलने से सौंफ वापस लेकर जा रहे हैं।


