बड़वानी | स्वच्छ जल अभियान के तहत नगर पालिका परिषद बड़वानी ने शहर में सप्लाई किए जा रहे पानी की शुद्धता जांचने के लिए नियमित गुणवत्ता परीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को शहर के विभिन्न जल स्रोतों और भंडारण इकाइयों से पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच की गई। नगर पालिका की तकनीकी टीम द्वारा फील्ड टेस्ट कीट के माध्यम से ओवरहेड टैंक से पानी के नमूने लिए गए। इन नमूनों की विभिन्न मानकों पर सूक्ष्मता से जांच की गई। जिसमें पानी पूरी तरह से सुरक्षित और मानक योग्य पाया गया। इसके साथ ही ओल्ड फिल्टर प्लांट से भी पानी का नमूना लेकर परीक्षण किया गया। लैब टेस्टिंग और फील्ड किट के परिणामों के अनुसार फिल्टर प्लांट का पानी भी निर्धारित मानकों के अनुरूप और पूरी तरह पीने योग्य पाया गया।


